आगरा: बुखार से हुई किशोर और महिला की मौत
- फोटो : अमर उजाला
बुखार से तीन दिन में बैंककर्मी समेत तीन की मौत
रुनकता के गांव सीगना में तीन दिन बुखार से बैंक कर्मचारी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक सींगना निवासी शुभम (27) पुत्र गौरीशंकर बाह में बैंक कर्मचारी था। तेज बुखार की शिकायत पर उसे दिल्ली में भर्ती कराया गया था। जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई। 48 घंटे में ही बरहन और डौकी में दो बच्चों समेत तीन की जान चली गई। मंगलवार को बरहन के सराय जैराम के 10 माह के गोलू पुत्र रानू की मौत हुई थी। जबकि गुरुवार को गोपाल (14) की मौत हो गई। इससे पूर्व गांव में एक महिला और दो बच्चों की जान जा चुकी है। सराय जैराम निवासी रानू ने बताया कि उनके 10 माह का बेटा गोलू बुखार से पीड़ित था। एक डॉक्टर से इलाज करा रहे थे। सोमवार को हालत बिगड़ने पर आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां मंगलवार को मौत हो गई। इसी तरह गुरुवार को गोपाल (14) पुत्र जगदीश की भी बुखार से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक गोपाल को दो दिन से बुखार आ रहा था। उसका भी स्थानीय झोलाछाप से इलाज कराया गया था। इससे पूर्व गांव में दीपक पुत्र धर्मवीर, साहिल, सुमन पत्नी चंद्रपाल कुशवाह की बुखार से मौत हो चुकी है। प्रधान मुकेश यादव ने बताया कि गांव में अभी कई लोग बीमार हैं। डौकी क्षेत्र के ब्रह्म नगर इस्लामपुर निवासी मलखान (19) पुत्र बालमुकुंद चार दिन से बुखार से पीड़ित था। परिजन कुंडौल के एक झोलाछाप से इलाज करा रहे थे। गुरुवार को परिजन आगरा ले जा रहे थे। पर, रास्ते में ही मलखान की मौत हो गई। परिजनों ने शाम को उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।