वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में शुक्रवार रात 1:55 बजे हुए हादसे के बाद भी मंदिर में भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार की सुबह 7:45 बजे पर दर्शन खुलने से पूर्व ही मंदिर के अंदर और बाहर हजारों भक्त अपने आराध्य के दर्शन करने पहुंचे। हादसे के बाद मंदिर में उमड़ी भीड़ के दबाव को देखकर मंदिर प्रबंधन और पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा ने निजी सिक्योरिटी गार्ड, कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों से भीड़ को एक स्थान पर जमा न होने देने के लिए कहा, लेकिन भीड़ का दबाव लगातार बढ़ता गया।
पुलिसकर्मी और मंदिर के कर्मचारी लगातार मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रण करने में लगे रहे। वहीं सुबह एक बार फिर से प्रशासन की बदइंतजामी नजर आई। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए बांकेबिहारी मंदिर के गेट नंबर 4 और 5 की तरफ जाने वाली गली में बल्लियां बांधी गईं। इससे श्रद्धालुओं को दिक्कत का सामना करना पड़ा।