फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पर्यटन: बढ़ते संक्रमण व बारिश से सैलानियों की संख्या में गिरावट, ताजमहल पर कोरोना काल में हुए ये बदलाव

Fri, 07 Jan 2022 10:40 AM IST
Abhishek Saxena अमर उजाला ब्यूरो, आगरा
विज्ञापन
1 of 7
ताजमहल पर गुरुवार को आए सैलानी - फोटो : अमर उजाला
मौसम की बेरुखी और बढ़ते संक्रमण ने तालमहल पर सैलानियों की संख्या में गिरावट ला दी है। बुधवार को जहां 11056 सैलानियों ने ताज का दीदार किया था, वहीं गुरुवार को 9,848 ही पर्यटक ताज देखने पहुंचे। इनमें 171 विदेशी सैलानी भी शामिल रहे। ताजमहल पर पर्यटक तिरंगी छतरी लिए भी नजर आए। गुरुवार को सुबह से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी, जिसके बाद बारिश भी हुई। इसी कारण स्मारकों पर कम सैलानी पहुंचे। वैसे भी कोरोना संक्रमण के रफ्तार पकड़ने के कारण टिकट विंडो बंद कर दी गई हैं। अब सिर्फ ऑनलाइन ही टिकट बुकिंग हो रही है। ताजमहल के अलावा आगरा किला में 2794, सिकंदरा में   499, मरियम टूम में 32, एत्माद्दौला में 220, महताब बाग में 88 में रामबाग में 48 सैलानी पहुंचे। आगरा में पिछले दो दिनों से बूंदाबांदी हो रही है और तापमान भी लगातार गिर रहा है।
विज्ञापन

2 of 7
कोरोना वायरस: आगरा में कोरोना का सैंपल लेता कर्मचारी - फोटो : अमर उजाला
आगरा में कोरोना वायरस का संक्रमण और बढ़ा है। गुरुवार को फतेहपुर सीकरी से सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, डीएम के स्टेनो अविनाश शर्मा, जिले में टीकाकरण प्रभारी डॉ. संजीव बर्मन सहित 132 नए संक्रमित मिले हैं। सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि वह दस दिनों से प्रदेश के दौरे पर थे। खांसी, जुकाम के लक्षण होने पर जांच कराई तो कोरोना की पुष्टि हुई है। 

 
विज्ञापन

3 of 7
जिलाधिकारी आगरा कार्यालय - फोटो : अमर उजाला
डीएम कैंप ऑफिस पर तैनात स्टेनो अविनाश शर्मा में संक्रमण की पुष्टि डीएम ने की है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि एसीएमओ डॉ. संजीव बर्मन सहित दो सरकारी व तीन निजी चिकित्सक संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। इनसे पहले जिले में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, मेयर नवीन जैन, भाजपा विधायक योंगेद्र उपाध्याय में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।

4 of 7
ताजमहल पर गर्म कपड़ों में आए सैलानी - फोटो : अमर उजाला
जनवरी में सोमवार से ताजमहल समेत सभी स्मारकों पर टिकट काउंटर बंद कर केवल ऑनलाइन टिकटों की बिक्री शुरू कर दी गई। कोरोना के केस की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने केवल ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा दी है, हालांकि ताजमहल के अंदर 200 रुपये का अतिरिक्त टिकट खरीदने के लिए मुख्य गुंबद के नीचे चमेली फर्श पर काउंटर चालू है। 
 
विज्ञापन

5 of 7
ताजमहल पर दिखा सर्दी का असर - फोटो : अमर उजाला
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने 27 नवंबर से ताजमहल में और अन्य स्मारकों में एक दिसंबर से ऑफलाइन टिकटों की बिक्री के लिए टिकट काउंटर शुरू किए थे। हर दिन ऐसे सैलानियों की संख्या एक चौथाई से ज्यादा थी यानी ताज पर 4 से 6 हजार पर्यटक हर दिन ऑफ लाइन यानी टिकट काउंटर से टिकटें खरीद रहे थे। अब सोमवार से सभी स्मारकों पर टिकट खिड़कियां बंद कर देने से पर्यटक केवल ऑनलाइन टिकट ही बुक कर पाएंगे। आगरा में ताजमहल के साथ आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, सिकदंरा, एत्माद्दौला, महताब बाग, रामबाग और मरियम के मकबरे में एएसआई टिकट वसूलती है।


 
विज्ञापन

6 of 7
ताज महल
कोरोना काल में ताजमहल में ये ह्रुआ
- 17 मार्च 2020 को कोरोना के कारण ताज समेत स्मारक बंद
- 21 सितंबर को ताजमहल खुला, ऑनलाइन टिकट मिले
- 2 जनवरी 2021 को टिकट काउंटर शुरू किए गए
- 16 अप्रैल 2021 को कोरोना संक्रमण के कारण सभी स्मारक बंद
- 16 जून  2021 को ताज समेत सभी स्मारक खुले
- 27 नवंबर 2021 को ताजमहल की टिकट खिड़की खोली गई
- 1 दिसंबर 2021 को अन्य स्मारकों में ऑफ लाइन टिकट उपलब्ध
- 3 जनवरी 2022 को ताज समेत सभी स्मारकों में टिकट खिड़की बंद

 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
ताज महल की मुख्य गुंबद के नीचे मिल रहे टिकट - फोटो : अमर उजाला
अंदर का काउंटर चालू
एएसआई ने बाहर के टिकट काउंटर तो बंद कर दिए, लेकिन ताजमहल के अंदर मुख्य गुंबद पर 200 रुपये का अतिरिक्त काउंटर खुला ही रखा है। मुख्य गुंबद पर काउंटर चालू रखने के पीछे एएसआई अधीक्षण पुरातत्वविद राजकुमार पटेल का तर्क है कि यहां नेटवर्क नहीं आता, इसलिए टिकट बुक करना मुश्किल है। नेटवर्क के लिए कोई टावर आदि व्यवस्था नहीं की जा सकती। इसलिए यह काउंटर चालू रहेगा। इस काउंटर के साथ ताजमहल के अंदर न मास्क पहने सैलानी दिखे, न शारीरिक दूरी का पालन हो रहा है। सुरक्षा जांच कतार और सेंट्रल टैंक पर भारी भीड़ के कारण कोविड प्रोटोकॉल तार-तार हो रहा है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें