आगरा के रुनकता के गांव चौमा में नौ महीने पहले पेंटर रफीक की मौत का राज जानने के लिए शव को कब्र से निकाला लिया गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह पता नहीं चल सकी। अब नमूने में ली गई हड्डियों को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा। पुलिस को आस है कि वहां से मौत का राज पता चल सकता है।
रुनकता स्थित गांव चौमा निवासी रफीक पेंटर का कार्य करता था। उसका निकाह पांच साल पहले वृंदावन के गांव सकराया निवासी साबना से हुआ था। उनके एक बेटा तीन साल तो दूसरा एक साल का है। साबना ने कोर्ट के आदेश पर थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि 15 अक्तूबर 2021 को मोहल्ले के ही पप्पू, दिलवर, वकील, शकील और नसीब से कहासुनी हो गई थी। इस दौरान आरोपियों ने पति के साथ मारपीट कर दी। रफीक ने मारपीट की शिकायत रुनकता चौकी पर की।