आगरा के थाना सिकंदरा के शास्त्रीपुरम में बच्ची के डरने पर मां ने एक कुत्ते को पीटा था। उसे जमीन पर कई बार पटक दिया। घटना का वीडियो सामने आया था। रविवार को पशु प्रेमी थाने पहुंच गए। घटना पर आक्रोश व्यक्त किया। पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शास्त्रीपुरम निवासी भोला के अनुसार, उनका पालतू कुत्ता नौ सितंबर को घर के बाहर था, इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले बच्चे उसके पास आए थे। पड़ोसी शिवानी पत्नी राजू की बेटी भी आ गई थी। कुत्ते के भौंकने पर वो डर गई। भागते समय गिर गई। इस पर पड़ोसी शिवानी ने कुत्ते को पकड़ लिया। पहले घूंसे मारे। इसके बाद कुत्ते को गले में पड़ी बेल्ट को पकड़कर जमीन पर पांच बार पटका था। आरोप है कि विरोध पर भोला और उसकी पत्नी से भी भिड़ गई। मारपीट की थी। घटना को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।