ताजमहल की खूबसूरती का हर कोई दीवाना है। सफेद संगमरमर बनी ऐतिहासिक स्मारक का दीदार करना हर किसी का ख्वाब रहता है। एक बार यदि कोई इस स्मारक को देख ले तो वो दोबारा आने की तमन्ना रखता है। जिसने इसका दीदार नहीं किया है वो यहां आने की हसरत रखता है। बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता विद्युत जामवाल भी ताजमहल से अपने आप को दूर नहीं रख सके। गुरुवार को बॉलीवुड फिल्म अभिनेता विद्युत जामवाल ने ताजमहल का दीदार किया।
लंबे बाल और दाढ़ी के साथ आंखों पर काला चश्मा लगाए हुए विद्युत पहले तो पर्यटक से बचते नजर आए लेकिन कुछ प्रशंसकों ने उन्हें पहचाना तो ताजमहल पर कमांडो-कमांडो की पुकार मचने लगी। पर्यटकों ने उनके साथ सेल्फी खिंचाने की कोशिश की लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने पर्यटकों को उनके नजदीक नहीं जाने दिया। अभिनेता विद्युत जामवाल दोपहर करीब 1:45 बजे पूर्वी गेट से ताज में पहुंचे। उनके साथ मशहूर फैशन डिजाइनर नंदिता मेहतानी भी थीं। उन्होंने नंदिता के साथ फोटो शूट भी करवाए।