केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल ने मैनपुरी के थाना करहल में दर्ज कराई रिपोर्ट में दो नामजद सहित 27 लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमले, पथराव, फायरिंग का जिक्र करते हुए तहरीर दी, जिस पर मंगलवार देर रात को मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उन्होंने दर्ज कराई एफआईआर में आरोप लगाया कि मंगलवार शाम गांव कबरई से करहल जा रहे थे। कबरई और अतीकुल्लापुर के मध्य शाम 7:45 बजे खेतों में छुपे हुए सपा कार्यकर्ता, जोकि अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे, ने हमला कर दिया। एक ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि हमें उमाकांत यादव नगला बढ़ा कहते हैं। अपने बीटू नामक साथी को भी आवाज लगाई। इसके बाद मेरी और साथी संजय शर्मा की गाड़ियों को तोड़ दिया। जान से मारने की नीयत से फायर किया। सुरक्षाकर्मियों ने बलवाइयों को खदेड़ा। मैनपुरी के एएसपी मधुवन कुमार ने बताया कि केंद्रीय राज्यमंत्री की तहरीर पर दो नामजद सहित 27 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है।