दिल में देश भक्ति का जज्बा, आंखों में वर्दी का सपना, जुबां पर भारत मां के जयकारे, सबसे आगे जाने के लिए भरपूर जोश...। अग्निवीर बनने के लिए आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में आए युवाओं ने पहले दिन मंगलवार को खूब दमखम दिखाया। कासगंज और ललितपुर के 5170 युवाओं ने दौड़ में हिस्सा लेकर अपना भाग्य आजमाया। असफल रहने वाले फिर तैयारी करके आने की उम्मीद के साथ लौट गए। सेना ने कालेज के अंदर मैदान में मोर्चा संभाला था, जबकि बाहर पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने विशेष इंतजाम कर रखे थे। भर्ती स्थल तक युवाओं को लाने और ले जाने के लिए भी अलग से बस की व्यवस्था की गई थी।
मंगलवार को आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में सेना की विभिन्न सामान्य ड्यूटी और तकनीकी ट्रेडों के लिए मंगलवार से भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई है। इसमें 12 जनपदों आगरा, मथुरा, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, हाथरस और कासगंज के युवा शामिल हो रहे हैं। इसमें 1.75 लाख युवाओं ने पंजीकरण कराया है। पहले दिन के लिए कासगंज और ललितपुर के 7129 ने पंजीकरण कराया था। मगर, 5170 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। 1959 नहीं आए। वह अनुपस्थित हो गए।