मुगल शहंशाह शाहजहां आगरा किले के जिस मुसम्मन बुर्ज में आठ साल तक कैद रहकर ताजमहल की झलक देखा करते थे, उस बुर्ज का संरक्षण 115 साल के बाद किया गया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने बीते सप्ताह बुर्ज के संरक्षण का काम पूरा कर लिया। संरक्षण के दौरान बुर्ज की दोहरी छत मिली, जिसमें एक संगमरमर की बनी हुई थी, जबकि उसके एक मीटर ऊपर मेड इन इंग्लैंड गर्डर के ऊपर लाल पत्थर की मोटी छत और थी, जो मजबूती देने के लिए ब्रिटिश काल में 1907 में बनाई गई थी। एएसआई ने मेड इन इंग्लैंड गर्डर के गल जाने पर नए गर्डर लगाए हैं और गले हुए पत्थरों की जगह नए पत्थरों को लगा दिया है। बुर्ज के ऊपर पिनेकल भी लगवाया गया है।