आगरा के रुनकता में तीन घरों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है, लेकिन अब भी गलियों में दहशत का सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना के दूसरे दिन शनिवार को तनाव भरी शांति रही। इस दौरान बाजार बंद रहा। पुलिस के साथ पीएसी का भी पहरा रहा। दोपहर बाद चंद दुकानें खुलीं। मगर, लोग घरों से कम ही निकले। वहीं जिन घरों को फूंका गया, उनके अंदर तबाही का मंजर दिखाई दिया। घरेलू सामान जलकर राख हो गया है। उपद्रवियों ने बेड, सोफे, चारपाई, फ्रिज, एसी तक को तोड़ दिया।
11 अप्रैल को कस्बे की 22 वर्षीय एमएससी की छात्रा लापता हो गई थी। परिजनों ने व्यापारी मोहल्ले के साजिद के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। साजिद जिम चलाता है। वह युवती को दिल्ली ले गया। उसने हिंदू धर्म अपनाकर अपना नाम साहिल रखा। इसके बाद छात्रा से आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। 13 अप्रैल को छात्रा दिल्ली से बरामद हो गई। आरोपी नहीं पकड़ा जा सका। पुलिस छात्रा को आगरा लेकर आई थी। 14 अप्रैल को बयान दर्ज करने के बाद आशा ज्योति केंद्र भेज दिया था।
शुक्रवार को हाट बाजार में लोगों ने पंचायत की थी। इसमें युवती को परिजनों के सौंपने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके बाद उपद्रवियों ने आरोपी साजिद के घर में तोड़फोड़ के बाद आगजनी कर दी थी। उसके भाई मुजाहिद और चाचा रहीस के घर में भी आग लगा दी थी। जिम में भी सामान तहस-नहस कर दिया था।