आगरा के श्री पारस अस्पताल की दमघोंटू मॉकड्रिल मामले में गुरुवार को 12वें मृतक के परिजन सामने आए। कलक्ट्रेट पहुंचे मैनपुरी निवासी दूरबीन सिंह ने एडीएम सिटी से रोते हुए कहा-मेरे बेटे की 24 मई को बरात जानी थी। उससे पहले ही 26 अप्रैल को श्री पारस अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पिता ने चिकित्सक पर हत्या का आरोप लगाया और बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। दूरबीन सिंह ने एडीएम सिटी को शिकायती पत्र देकर जांच की मांग की। उन्होंने बताया कि मेरे बेटे को इतनी परेशानी नहीं थी कि उसकी तीन दिन में मौत हो जाए। 24 अप्रैल को 26 वर्षीय पुत्र सनोज कुमार को श्री पारस अस्पताल में भर्ती कराया था। 25 की रात तक वह ठीक था। 26 अप्रैल की सुबह में बताया कि तुम्हारा बेटा नहीं रहा।
दूरबीन सिंह ने कहा कि मैं खुद अस्पताल में मौजूद था। वहां ऑक्सीजन नहीं थी। अस्पताल में चीख-पुकार मची थी। तीन दिन में अस्पताल ने हमसे दो लाख रुपये वसूल लिए। शिकायत के बाद उन्होंने कहा कि एडीएम सिटी साहब की बातों से मैं संतुष्ट नहीं हूं। मुझे नहीं लगता यहां न्याय मिल सकेगा।