आगरा में दस दिन पहले ताजमहल के पीछे यमुना में जिस जगह फैले प्लास्टिक कचरे से बदनामी हुई, उसी जगह से बुधवार को नगर निगम ने प्लास्टिक और पॉलिथीन मुक्त आगरा की मुहिम शुरू की है। ये अभियान पांच दिन चलेगा। मेयर और नगर आयुक्त ने यमुना नदी से प्लास्टिक और पॉलिथीन निकाली और प्रतीकात्मक रूप से प्लास्टिक बाबा की अर्थी निकालकर लोगों से प्लास्टिक का उपयोग न करने का आह्वान किया। बुधवार सुबह दशहरा घाट पर मेयर नवीन जैन ने पार्षदों और शहर के लोगों के साथ प्लास्टिक के खिलाफ जनजागरूकता अभियान शुरू किया। नगर आयुक्त निखिल टी फुंडेे के साथ उन्होंने यमुना नदी से प्लास्टिक का कचरा निकाला और लोगों के साथ घाट की सफाई की।
मेयर नवीन जैन ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक शरीर के साथ पर्यावरण के लिए भी खतरनाक है। इस दौरान अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. विश्वनाथ शर्मा, नीलम सिरसा, अंजू दियालानी, मनिंदर कौर, पार्षद दल के उप नेता मोहन सिंह लोधी, मनोज शर्मा, पार्षद जगदीश पचैरी, जगमोहन, भवतोष चैधरी, बबलू लोधी आदि मौजूद रहे।