आगरा के शाहगंज क्षेत्र की रहने वाले अल्पसंख्यक समुदाय की युवती ने प्रेमी से शादी के लिए एक साल पहले धर्म परिवर्तन किया। दो दिन पहले घर से चली गई। प्रेमी के साथ आर्य समाज मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। सोमवार को सोशल मीडिया पर युवक और युवती के वीडियो वायरल हुए, जिसमें वो शादी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवती अपनी और पति की जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार पुलिस प्रशासन से लगा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज है। युवती के मिलने पर कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
बताया जाता है कि युवक और युवती के घर पास ही हैं। दोनों में डेढ़ साल पहले दोस्ती हुई थी। दोस्ती प्यार में बदल गई। अलग-अलग समुदाय के होने के कारण उनके परिवार वाले रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। दोनों ने शादी का फैसला किया था।