ताजनगरी में मेट्रो को हरी झंडी अप्रैल 2024 तक मिल सकती है। चौथी बार समयसीमा बदली है। मेट्रो रेल के ट्रायल के लिए छह स्टेशन बनेंगे। जिनमें तीन पर काम शुरू हो चुका है। उधर, कानपुर में मंगलवार को प्रधानमंत्री मेट्रो सेवा की शुरुआत करेंगे। यहां मेट्रो के ट्रायल में 24 महीने लगे हैं, जबकि आगरा में मेट्रो के ट्रायल में करीब 40 महीने का समय लग सकता है। लखनऊ में मेट्रो ट्रायल 26 महीने में शुरू हो गया था।
कानपुर में नौ किमी ट्रैक पर मेट्रो सेवा 29 दिसंबर को सुबह छह बजे से शुरू हो जाएगी। 28 को पीएम मोदी कानपुर मेट्रो का लोकार्पण करेंगे। कानपुर में नवंबर 2019 में सीएम योगी आदित्यनाथ ने शिलान्यास किया था। आगरा में छह किमी का प्राथमिकता कॉरिडोर बन रहा है जिसमें मेट्रो का ट्रायल होगा। दिसंबर 2020 में पीएम मोदी ने आगरा मेट्रो का शिलान्यास किया था। करीब 12 महीने में तीन स्टेशन का 50 फीसदी सिविल कार्य हो चुका है।