स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आगरा के महापौर नवीन जैन के नेतृत्व में रविवार को अनोखी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। महापौर नाव पर सवार होकर कार्यकर्ता और समर्थकों के साथ यमुना नदी के बीच पहुंचे। उन्होंने यमुना की लहरों के बीच देश की आन, बान और शान का प्रतीक तिरंगा को लहराया। इस अनोखी तिरंगा यात्रा को देखने के लिए बल्केश्वर घाट पर सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। यमुना घाट पर मौजूद लोगों ने देश की आजादी का जश्न मनाते हुए देशभक्ति के नारे लगाए।
आजादी के अमृत महोत्सव में शहरभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को यमुना नदी में तिरंगा यात्रा निकाली गई। महापौर नवीन जैन के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पार्षद और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। सभी नावों को तिरंगे के रूप में सजाया गया। जैसे ही महापौर ने नाव पर तिरंगे को लहराया, वैसे ही बल्केश्वर घाट भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गुंजायमान हो उठा।