आगरा के अछनेरा के प्राथमिक विद्यालय सांधन के वायरल वीडियो में नृत्य करती दिख रहीं स्कूल की पांच शिक्षिकाओं को निलंबित कर दिया गया है। शनिवार को प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी बृजराज सिंह ने संबंधित ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारी की संस्तुति पर यह कार्रवाई की। वायरल वीडियो मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है। समिति के सदस्यों को तीन दिन के अंदर निलंबित शिक्षिकाओं को आरोपपत्र देना है। 15 दिन में मामले की जांच कर प्रभारी बीएसए को रिपोर्ट देनी है।
प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी के मुताबिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक की ओर से खंड शिक्षा अधिकारी को स्पष्टीकरण दिया गया कि वायरल वीडियो 17 मार्च का है। वह उस दिन बीआरसी, अछनेरा में शैक्षणिक संगोष्ठी में हिस्सा लेने गए थे। उन्हें इस नृत्य कार्यक्रम की जानकारी पहले से नहीं थी।