आगरा में थाना पिनाहट से 200 मीटर दूर मोहल्ला मार में व्यापारी सुरेश चंद्र गुप्ता (75) और उनकी पत्नी कृष्णा देवी (72) की घर में हत्या कर लूट की गई। रविवार दोपहर को पहली मंजिल पर कमरे में दोनों के शव पड़े मिले। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने वारदात के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं। वहीं घटना की जांच में जुटी पुलिस को कुछ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस के अनुसार कुछ सीसीटीवी फुटेज हाथ लगे हैं, जिसमें पांच नकाबपोश बदमाश दिख रहे हैं। यदि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश यही हैं, तो माना जा रहा है पुलिस घटना के खुलासे के बेहद करीब पहुंच चुकी है। फुटेज के अनुसार बदमाशों ने पहले रेकी की और उसके बाद वारदात को अंजाम दिया। बदमाश व्यापारी के घर तक तीन बार गए थे। दो बार में आसपास के माहौल को समझा और तीसरी बार में वारदात को अंजाम दिया।