आगरा मंडल में गुरुवार को एससी-एसटी एक्ट के विरोध में सवर्णों के बंद का असर सड़कों पर दिखा। सुबह से विरोध का गुस्सा लोगों में देखने को मिला। लोग सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन के लिए उतरे। जहां-तहां जाम लगा दिया। रेल तक रोक ली गई। कई स्थानों पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे भी लगाए गए। इस दौरान बाजार स्वस्फूर्त बंद रहे। इस आंदोलन में सभी संप्रदाय के लोग सामने आए हैं। कई जगह छिटपुट घटनाओं की भी सूचना मिल रही है। आंदोलन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
आगरा में पिनाहट के भदरौली में लोग सड़क और रेलवे ट्रैक पर उतर आए। सड़कों पर सरकारी बसें रोक दी, वहीं रेलवे लाइन पर रेल रोककर अपना विरोध जाहिर किया। इस मौके पर सरकार विरोधी नारे भी लगाए गए।