ताजमहल से 500 मीटर का प्रतिबंधित क्षेत्र मापने के लिए विकास प्राधिकरण की दो टीमें बृहस्पतिवार को ताजगंज पहुंची। सड़कों पर फीते डाले गए। मशीनों की मदद से सर्वे किया। क्षेत्र बड़ा होने के कारण शुक्रवार से चार टीमें सीमा निर्धारण व चिह्नांकन करेंगी। प्रतिबंधित दायरे में हो रही सभी व्यावसायिक गतिविधियां बंद होंगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर विकास प्राधिकरण ने ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में व्यावसायिक गतिविधियां रोकने के लिए सर्वे शुरू कर दिया है। इसमें राजस्व विभाग की मदद ली जा रही है। ताकि भविष्य में दोबारा चिह्नांकन की जरूरत न पड़े। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष चर्चित गौड़ ने बताया कि बृहस्पतिवार को दो टीमों ने सीमा निर्धारण किया है। दक्षिणी गेट, पूर्वी गेट और पश्चिमी गेट से 500 मीटर का दायरा बड़ा है। बड़ा क्षेत्र होने के कारण टीमें और बढ़ाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सर्वे के बाद नोटिस जारी किए जाएंगे। फिर चरणबद्ध तरीके से प्रतिबंधित परिधि से सभी व्यावसायिक गतिविधियों को बाहर किया जाएगा। 500 मीटर के दायरे में कोई व्यावसायिक गतिविधि नहीं होगी। दोपहर में एडीए उपाध्यक्ष ने टीम के साथ ताजमहल के आस-पास क्षेत्रों का दौरा किया है।