फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मॉल, मंदिर और फिर मौत: परिवार की दर्दनाक यात्रा, जिद ने छीन लीं कुनाल की सांसें; मां की चीखें सुन रो पड़ा गांव

Tue, 26 May 2026 09:06 AM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा चौपाटी में जिप लाइन से गिरकर 16 साल के कुनाल की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। परिवार का आरोप है कि सेफ्टी बेल्ट और लॉक में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, जिससे पूरा परिवार सदमे में है।
विज्ञापन
1 of 10
चौपाटी हादसा - फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में रविवार को जब पंकज अग्रवाल पत्नी रिंकी, बड़े बेटे कुनाल (16) और छोटे बेटे मयंक के साथ घर से निकले थे, तो चेहरे पर घूमने की खुशी थी। आगरा के जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन किए, मॉल में फिल्म देखी, लेकिन सफर का आखिरी पड़ाव आगरा चौपाटी पूरे परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दे गया। सोमवार दोपहर जैसे ही कुनाल का शव एंबुलेंस से गांधी नगर स्थित आवास पर पहुंचा, पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।

गांधी नगर निवासी पंकज अग्रवाल का 16 वर्षीय बेटा कुनाल पिछले कई दिनों से माता-पिता से जिप लाइन घूमने की जिद कर रहा था। रविवार को जब परिवार आगरा घूमने निकला, तो कुनाल की इसी जिद को पूरा करने के लिए पिता उसे आगरा चौपाटी ले गए।



 
विज्ञापन

2 of 10
कुनाल का फाइल फोटो और विलाप करते परिजन - फोटो : अमर उजाला
रोते-बिलखते पिता पंकज अग्रवाल ने बताया कि कुनाल कई दिनों से जिप लाइन घूमने की जिद कर रहा था। चौपाटी पर 45 फीट ऊंची जिप लाइन को देखकर वह उत्साहित हो गया। पिता का आरोप है कि वहां तैनात स्टाफ ने कुनाल की सेफ्टी बेल्ट सही ढंग से नहीं बांधी थी। जैसे ही कुनाल पुली के सहारे आगे बढ़ा, पुली का लॉक टूट गया और वह सीधे 45 फीट नीचे आ गिरा। लहूलुहान बेटे को बेबस पिता पंकज आगरा के तीन अलग-अलग निजी अस्पतालों में इलाज के लिए दौड़ते रहे, लेकिन सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण हर जगह से निराशा ही हाथ लगी और कुनाल ने दम तोड़ दिया।




 
विज्ञापन

3 of 10
कुनाल के घर जुटी लोगों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
21 अप्रैल को ही मनाया था जन्मदिन
पिता पंकज अग्रवाल ने रुंधे गले से बताया कि कुनाल ने इसी साल 11वीं की परीक्षा पास की थी और वह 12वीं कक्षा में आया था। वह अपने छोटे भाई मयंक के साथ गांधी पार्क स्थित क्लासेज में पढ़ने जाता था। अभी पिछले महीने ही 21 अप्रैल को पूरे परिवार ने कुनाल का जन्मदिन मनाया था।

4 of 10
पुलिस गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विधायक ने बंधाया ढांढस, अधिकारियों से की वार्ता
सदर विधायक मनीष असीजा पीड़ित व्यवसायी पंकज अग्रवाल के आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने डीएम आगरा और आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष से फोन पर वार्ता की। विधायक ने अधिकारियों से चौपाटी प्रबंधन की इस घोर लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाने और पीड़ित परिवार को उचित विधिक मुआवजा व आर्थिक सहायता प्रदान कराने की मांग रखी।
विज्ञापन

5 of 10
यहीं से गिरा था कुनाल - फोटो : अमर उजाला
जिप लाइन हादसे के बाद चौपाटी पर ताला
ताजनगरी फेज-2 स्थित एडीए की चाैपाटी में रविवार शाम जिप लाइन का लाॅक टूटने से 16 वर्षीय कुनाल की माैत के बाद ताला लटक गया है। झूलों के साथ सुरक्षा उपकरण, मानक व प्रमाणपत्रों की जांच पूरी होने तक यही स्थिति रहेगी। उधर, मृतक के पिता पंकज अग्रवाल की शिकायत पर गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सुरक्षा प्रभारी अभिषेक और मैनेजर संतोष कुमार को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। घटना में दिल्ली की कंपनी के संचालक को भी आरोपी बनाया गया है।
 
विज्ञापन

6 of 10
आगरा चौपाटी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाटी घूमने आया था परिवार 
फिरोजाबाद के गांधी नगर स्थित गली नंबर 15 निवासी पंकज अग्रवाल चूड़ी कारोबारी हैं। वह रविवार शाम पत्नी रिंकी अग्रवाल, बेटों कुनाल और मयंक के साथ चाैपाटी घूमने आए थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि बेटा कुनाल जिप लाइन पर झूलने गया था। जिप लाइन 45 फीट ऊंची और 120 फीट लंबी है। कर्मचारियों ने कुनाल को जिप लाइन पर सवार किया। वह तकरीबन 10 फीट ही आगे बढ़ा था कि हुक टूटने से वह 45 फीट नीचे आ गिरा और मौत हो गई।

 
विज्ञापन

7 of 10
आगरा चौपाटी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पिता ने दी तहरीर 
मृतक के पिता ने देर रात थाना ताजगंज में तहरीर दी। इसमें ईओडी चाैपाटी आगरा, सेफ्टी इंचार्ज जिप और ईओडी मालिक को जिम्मेदार बताया। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने भी माैका मुआयना किया। उन्होंने पाया कि किशोर को जिप लाइन पर सवार कराने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। जिप लाइन के नीचे किसी तरह के गद्दे और जाल की व्यवस्था नहीं थी। कर्मचारियों ने उसके हुक को भी चेक नहीं किया। मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई।

 

8 of 10
आगरा चौपाटी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बचने के लिए कर्मचारी ने बोला झूठ
एसीपी ताज सुरक्षा मयंक तिवारी ने बताया कि चाैपाटी में ईओडी कंपनी के मैनेजर डिफेंस काॅलोनी, सदर निवासी संतोष कुमार दुबे और सुरक्षा प्रभारी दिल्ली के गाजीपुर निवासी अभिषेक को गिरफ्तार किया गया था। वहीं कंपनी के मालिक के नाम की जानकारी ली गई। मगर कर्मचारी मालिक के बारे में नहीं बता सके। पूछताछ में आरोपी कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी दिल्ली, मेरठ और एक्सप्रेसवे पर भी झूलों का संचालन करती हैं। आगरा की चाैपाटी में जिप लाइन, जिप साइकिल, टाय ट्रेन आदि एडवेंचर स्पोर्ट्स कराती है।

9 of 10
आगरा चौपाटी - फोटो : अमर उजाला
पूछताछ में आरोपी झूठ बोलते रहे। यही कहते रहे कि बच्चे का हाथ लगने की वजह से लाॅक खुल गया था। मगर पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी सुरक्षा प्रभारी अभिषेक ही जिप लाइन पर बच्चों को सवार कराता था। उसी की जिम्मेदारी होती थी कि जिप लाइन का हुक और लाॅक चेक करे। उसने ठीक से हुक को चेक नहीं किया। आगे चलते ही वह टूट गया। चाैपाटी स्थल पर लगे सभी झूलों की जिम्मेदारी कंपनी के मैनेजर की होती है। उसकी लापरवाही से घटना हुई। पुलिस ने फिलहाल चाैपाटी को बंद करा दिया है। वहीं भविष्य में कंपनी के चाैपाटी में संचालन पर रोक लगाने के लिए आगरा विकास प्राधिकरण को रिपोर्ट भी भेजी जा रही है।


 
विज्ञापन

10 of 10
आगरा चौपाटी - फोटो : अमर उजाला
सुरक्षा मानकों और विभिन्न प्रमाण पत्रों का होगा सत्यापन
एडवेंचर एक्टिविटी कराने वाली फर्म ईओडी एडवेंचर पार्क के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। एडीए सचिव की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी झूलों के साथ सुरक्षा उपकरण, मानक व प्रमाण पत्रों की जांच करेगी। जांच पूरी होने तक चौपाटी पर ताला लटका रहेगा। आगरा विकास प्राधिकरण ने पर्यटन आकर्षण के रूप में 11 फरवरी, 2023 को चौपाटी का उद्घाटन किया था। दो साल में ही चौपाटी फेल हो गई। यहां 30 दुकानें बंद हो गईं। इसके बाद एडीए ने चौपाटी का ठेका ईओडी एडवेंचर को सौंप दिया। कंपनी ने यहां जिप लाइन, जिप साइकिल, बुल राइड, हैमर चैलेंज आदि एडवेंचर एक्टिविटी शुरू कराई। 600 रुपये प्रति व्यक्ति एडवेंचर एक्टिविटी का शुल्क रखा। रविवार को जिप लाइन का हुक टूटने से हुए हादसे में कुनाल की जान चली गई। इससे ईओडी कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली ने बताया कि ईओडी के सभी प्रमाणपत्रों व मानकों की जांच कराई जा रही है। कमेटी तीन दिन में रिपोर्ट देगी। वहीं, चौपाटी भ्रमण करने वालों का कहना है कि ईओडी कंपनी और एडीए की लापरवाही से लोगों की जान से खिलवाड़ हो रहा है। अनफिट झूलों पर एक्टिविटी कराई जा रही हैं। कोई एक्सपर्ट गाइड नहीं रहता।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें