आगरा में पार्श्व गायक हरिहरन के सुरों से पहले ताज महोत्सव का मंच 15 साल के अभिवंदन विज के तबले की थाप से गूंज उठा। तीन साल की उम्र से तबला वादन सीख रहे दिल्ली के अभिवंदन विज ने शनिवार शाम को शिल्पग्राम के मुक्ताकाशीय मंच पर तबले की संगत की। उनकी तान पर शिल्पग्राम के श्रोता झूम उठे। पांच साल की उम्र में अभिवंदन आकाशवाणी, दूरदर्शन में प्रस्तुतियां दे चुके थे। लखनऊ महोत्सव, गीता महोत्सव, बीबीसी हिंदी, हरि वल्लभ संगीत सम्मेलन में हुनर दिखा चुके हैं।
हर दिन दो घंटे रियाज
अभिवंदन ने बताया कि भारतीय संस्कृति, संगीत और वादन को आगे बढ़ाना उनका लक्ष्य है। अपने दोस्तों, स्कूल के साथियों को वह तबला सहित प्राचीन कलाओं के प्रति जागरूक कर रहे हैं। पख्तून संगीत और हिप हॉप में रुचि रखने वाले अभिवंदन दिल्ली के केआर मंगलम वर्ल्ड स्कूल, विकासपुरी के छात्र हैं और हर दिन दो घंटे तबला वादन का रियाज करते हैं। उनके पिता नीरज कुमार प्रोफेसर और मम्मी वंदना लोकसभा में अधिकरी हैं। गुरु पीयूष चक्रवर्ती हैं।