अगर आपका पोस्ट ऑफिस में खाता है, तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। अगर आपने अपने खाते में अभी तक मोबाइल नंबर और पैन को अपडेट नहीं कराया है, तो आपको ये काम तुरंत कर लेना चाहिए। ऐसा नहीं करने पर आपको आगे चलकर बड़ी रकम का ट्रांजैक्शन करने में परेशानी होगी। दरअसल, पोस्ट ऑफिस ने बढ़ते फर्जीवाड़े को देखते हुए इससे बचने के लिए ये कदम उठाया है। जिसके तहत मोबाइल नंबर पर आधारित ओटीपी के जरिए ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलेगी, जिससे सुरक्षा बढ़ेगी। अगर आप खाते में मोबाइल नंबर और पैन अपडेट नहीं करते हैं, तो लेनदेन सीमित दायरे में ही किया जा सकेगा। पोस्ट ऑफिस के अनुसार, खाते में पैसे जमा करने, पैसे निकालने, लोन का पैसा लेने, लोन का रीपेमेंट करने, खाता बंद करने के लिए एक खास नियम का ध्यान रखना होगा। इस नियम के तहत 20,000 रुपये से अधिक का ट्रांजैक्शन करने के लिए खाते में मोबाइल नंबर और पैन नंबर अपडेट होना अनिवार्य है।