भारत की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा भाग कृषि क्षेत्र पर आधारित है। इस कारण देश में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष स्तर पर करोड़ों लोग कृषि क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। हालांकि, देश में आज भी करोड़ों किसान आर्थिक रूप से काफी कमजोर हैं। इन किसानों को खेती किसानी करते समय कई तरह की आर्थिक दिक्कतें परेशान करती हैं। किसानों की इसी समस्या को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारें कई शानदार योजनाओं का संचालन कर रही हैं। इन्हीं में एक स्कीम का नाम प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना है। भारत सरकार इस योजना के अंतर्गत देश के गरीब किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। 6 हजार रुपये की आर्थिक मदद को सालाना तीन किस्तों के रूप में जारी किया जाता है। हर किस्त के अंतर्गत सरकार 2 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से गरीब किसानों के खाते में ट्रांसफर करती है।