केंद्र सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ऐसे में केंद्र सरकार व राज्य सरकार किसानों के लिए समय-समय पर कई योजनाएं लेकर आती रहती हैं। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किसानों के हित में 'मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना' आरंभ की गई है। इस योजना की शुरुआत 26 सितम्बर 2020 को की गई थी। दरअसल, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना को किसान सम्मान निधि योजना से भी जोड़ दिया गया है। इस योजना का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि करना है, ताकि उन्हें आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। इस योजना के तहत किसानों को साल में दो बार 2,000 रुपये की किस्त यानी सालाना 4,000 रुपये दिए जाते हैं। इसके साथ ही इन सभी किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत भी सालाना 6,000 रुपये का लाभ मिलता है। आइए आज हम आपको मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के लाभ के बारे में बताते हैं।