अगर आप सितंबर के महीने में भारत की किसी खूबसूरत जगह पर घूमने जाना चाहते हैं, तो आईआरसीटीसी आपके लिए एक खास टूर पैकेज लेकर आया है। इस टूर पैकेज के अंतर्गत आपको जयपुर, जोधपुर समेत राजस्थान की कई खूबसूरत जगहों पर घुमाया जाएगा। राजस्थान भारत के पर्यटन स्थलों में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यहां जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, जैसलमेर सहित कई पर्यटन स्थल हैं जो अपने इतिहास और राजस्थान के गौरव को समेटे हुए हैं। राजस्थान की संस्कृति, परंपरा, वेशभूषा, खानपान और भूगोल को जानने के लिए आपका यहां आना एक अद्वितीय अनुभव हो सकता है। खासतौर पर इतिहास में रुचि रखने वाले जैसलमेर और जयपुर के किलों को देखकर राजस्थान ही नहीं बल्कि भारत के विराट और गौरवशाली राजवंश के इतिहास से परिचित हो सकते हैं। वहीं दूसरी ओर राजस्थान तीर्थ स्थलों का भी केंद्र है खाटू श्याम, सलासर बालाजी, पुष्कर, अजमेर शरीफ जैसे कई बड़े धार्मिक स्थल यहां पर हैं। यही सब चीजें देश विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों को राजस्थान की ओर आकर्षित करने का काम करती हैं।