भारतीय रेलवे दुनिया भर में सबसे बड़े रेल नेटवर्क्स में से एक है। हर दिन ट्रेन से करोड़ों लोग सफर करते हैं। यही वजह है कि इसे देश की लाइफलाइन भी कहा जाता है। रेलवे लगभग सभी वर्ग को यात्रा करने की सुविधा देती है। कोई भी व्यक्ति अपनी सुविधा के अनुसार ट्रेन से सफर कर सकता है, लेकिन इसमें सभी लोगों की एक कॉमन शिकायत देखी जाए तो वो है, रेल परिसर में गंदगी की समस्या। जिसका कारण भी लोग खुद ही होते हैं। आपने देखा होगा अक्सर लोग रेल परिसर में खाने-पीने की चीजों के रैपर या कोई कचरा इधर-उधर बेझिझक फेंक देते हैं। दरअसल, इसको लेकर एनजीटी यानी नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने सख्त कदम उठाया है। अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो आपको सावधान होने की जरूरत है। अब रेलवे स्टेशन पर गंदगी फैलाने वाले लोगों के खिलाफ रेलवे सख्त एक्शन लेगा। इतना ही नहीं आपके खिलाफ पुलिस केस दर्ज हो सकता है और जेल भी जाना पड़ सकता है।