भारत की लाइफलाइन यानी भारतीय रेलवे से करोड़ों लोग रोजाना सफर करते हैं। आपने भी कभी न कभी ट्रेन से सफर जरूर किया होगा। ऐसे में आपके मन में एक सवाल जरूर आया होगा कि आखिर ट्रेन के ट्रैक पर पटरियों के बीच इतने सारे पत्थर क्यों पड़े रहते हैं। बताया जाता है कि पटरियों पर पत्थर अभी से ही नहीं बल्कि जब ट्रेन का आविष्कार हुआ था तब से ही बिछाए जाते हैं। आज हम आपको इसके पीछे की वजह के बारे में बताने जा रहे हैं। पटरी पर पत्थर बिछाने के पीछे कई वजह हैं। दरअसल, ट्रेन की पटरी देखने में भले ही साधारण होती है लेकिन हकीकत में ये उतनी साधारण नहीं होती है। पटरी के नीचे कंक्रीट के बने प्लेट होते हैं, जिन्हें स्लीपर कहा जाता है। वहीं इन स्लीपर के नीचे भी पत्थर यानी गिट्टी होती है, जिसे बलास्ट कहा जाता हैं, आपको जानकर हैरानी होगी कि इसके नीचे दो अलग अलग तरह की लेयर में मिट्टी होती है।