GPS Toll System: नेशनल हाईवे पर सफर करते समय कई बार टोल प्लाजा आते हैं। अक्सर टोल प्लाजा पर गाड़ियों का लंबा जाम लग जाता है। ऐसे में रास्ते पर सफर कर रहे यात्रियों का काफी समय बर्बाद होता है। इसी को देखते हुए सरकार एक बेहद ही शानदार योजना के ऊपर काम कर रही है। इसके अंतर्गत आपको आने वाले समय में टोल प्लाजा पर जाकर टोल जमा करने की जरूरत नहीं होगी। सरकार आने वाले समय में जीपीएस तकनीक की मदद से टोल कलेक्शन करने का काम करेगी। इस जीपीएस टोल सिस्टम आने के बाद नेशनल हाईवे से टोल प्लाजा हट जाएंगे। इस नए सिस्टम के आने के बाद देश में कई लोगों को फायदा होगा। कुछ समय पहले IIM कोलकाता और ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने एक रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट के मुताबिक टोल जमा करते समय लाइनों में खड़ी गाड़ियों का लगभग 1 लाख करोड़ रुपये का तेल खर्च हो जाता है।