दुनिया ग्लोबल वार्मिंग नामक एक बहुत बड़ी त्रासदी के समक्ष खड़ी है। खतरा इस कदर बढ़ रहा है कि इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि अक्तूबर महीना जो बीता है वह पृथ्वी के सवा लाख साल के इतिहास में सबसे गर्म था। बढ़ते ग्रीन हाउस गैस के प्रभाव के कारण दुनियाभर में मौसम अजीबोगरीब ढंग से बदल रहे हैं। मौसम चक्र में होने वाले बदलाव का बुरा असर कृषि, स्वास्थ्य से लेकर हर एक क्षेत्र पर पड़ रहा है। अगर हम बढ़ते प्रदूषण पर रोक अभी नहीं लगाते हैं, तो आने वाले समय में समुद्र का जलस्तर काफी बढ़ जाएगा। इस कारण कई बड़े शहर जलमग्न हो जाएंगे और करोड़ों लोगों को दूसरी जगह प्रवास करना होगा। खतरा केवल यही नहीं रुकेगा पृथ्वी के गर्म होने से मौसम काफी खतरनाक हो जाएंगे। हीटवेव, बड़े-बड़े तूफान और असंतुलित मौसम चक्र का बुरा प्रभाव हमारी पृथ्वी के इकोसिस्टम पर पड़ेगा। खतरों की यह लिस्ट काफी लंबी है।
बीती रात देशभर में रौशनी के पर्व दीपावली को काफी धूमधाम के साथ मनाया गया। गौर करने वाली बात है कि सुप्रीम कोर्ट ने दिवाली के दिन पटाखा फोड़ने पर प्रतिबंध को लेकर कई तरह के आदेश जारी किए थे। इसके बाद भी दिवाली की रात लोगों ने इन सभी आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुई जमकर आतिशबाजी की है।