भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने स्वतंत्रता के बाद एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने सरबजोत सिंह के साथ पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम वर्ग में दक्षिण कोरिया को हराकर कांस्य पदक जीता।
पेरिस ओलंपिक खेलों में देश को दो कांस्य पदक दिलाने वाली भारत की शीर्ष पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर को मैदान के बाहर कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा है। दरअसल, कई ब्रांड उनकी उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई देते हुए अवैध रूप से उनकी तस्वीरों का उपयोग खुद का प्रचार करने के लिए कर रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, मनु भाकर की टीम ने सुझाव दिया है कि जो लोग भारतीय निशानेबाज से औपचारिक रूप से जुड़े नहीं हैं, उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई विज्ञापन जारी करने का कोई अधिकार नहीं है।
विज्ञापन
2 of 3
मनु भाकर और सरबजोत सिंह
- फोटो : Twitter
आईओएस स्पोर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट के प्रबंध निदेशक नीरव तोमर ने इकोनॉमिक टाइम्स को बताया, 'लगभग दो दर्जन ब्रांड जो मनु से संबद्ध नहीं हैं, ने सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरों के साथ बधाई विज्ञापन जारी किए हैं। यह अनधिकृत मोमेंट मार्केटिंग को दिखाता है और इन ब्रांडों को कानूनी नोटिस दिए जाएंगे।' मनु भाकर का मामला पहला और एकमात्र नहीं है, बल्कि पेरिस खेलों में कई अन्य भारतीय एथलीटों को भी गैर-संबद्ध ब्रांडों के साथ इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।बॉक्सर निकहत जरीन और बैडमिंटन खिलाड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी का प्रतिनिधित्व करने वाली फर्म बेसलाइन वेंचर्स के एक प्रवक्ता ने कहा, 'ब्रांड जो हमारे एथलीटों को प्रायोजित नहीं करते हैं, वे कानूनी रूप से विज्ञापनों में उनके चेहरे का उपयोग अपने प्रचार के लिए नहीं कर सकते हैं। अगर वे ऐसा करते हैं, तो हम सख्त कानूनी कार्रवाई करेंगे।'
मनु भाकर ने पेरिस खेलों में रचा इतिहास
भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने स्वतंत्रता के बाद एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने सरबजोत सिंह के साथ पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम वर्ग में दक्षिण कोरिया को हराकर कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने कोरिया के ली वोन्हो और ओ ये जिन को 16-10 से हराकर देश को इस ओलंपिक में दूसरा पदक दिलाया । टोक्यो ओलंपिक में मनु पिस्टल में खराबी आने के कारण फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थीं, लेकिन यहां दो पदक जीतकर उन्होंने हर जख्म पर मरहम लगा दिया।
ब्रिटिश मूल के भारतीय खिलाड़ी नॉर्मन प्रिचर्ड ने 1900 ओलंपिक में 200 मीटर स्प्रिंट और 200 मीटर हर्डल में रजत पदक जीते थे, लेकिन वह उपलब्धि आजादी से पहले की थी। मनु को अभी 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भी उतरना है और वह इस ओलंपिक में पदकों की हैट्रिक भी लगा सकती हैं। मनु अब दो अगस्त को 25 मीटर महिला पिस्टल क्वालिफिकेशन के लिए उतरेंगी। उन्होंने 2023 विश्व चैंपियनशिप और 2022 हांगझोउ एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। 22 वर्ष की मनु नौ विश्व कप स्वर्ण पदक भी जीत चुकी हैं। वहीं सरबजोत भी विश्व चैम्पियनशिप, विश्व कप और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता हैं।