कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे और तेजी से फैलने की वजह से अब दुनियाभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। हर कोई अपने-अपने स्तर पर लोगों को जागरूक करने और कोरोना से बचाव के तरीके बता रहा है। इसी कड़ी में विश्व स्वास्थ संगठन (WHO) ने एक खास अभियान की शुरुआत की है। उसने सभी से अपील की है कि हर कोई अपने हाथ साबुन या फिर अल्कोहल युक्त सैनेटाइजर से धोये।
डब्लूएचओ ने इसी को आगे बढ़ाने के लिए #SafeHands चैलेंज की शुरुआत की है और लोगों से इसे आगे बढ़ाने और चैलेंज से जुड़कर अपना वीडियो भी शेयर करने को कहा है। स्वास्थ से जुडी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संस्था ने एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें उसने लोगों को हाथ धोने के तरीके के बारे में समझाया है।
अब इस खास मुहीम से भारत के खेल मंत्री किरेन रिजीजू, सचिन तेंदुलकर, हिमा दास, पीवी सिंधु और सानिया मिर्जा जैसे कई दिग्गज भी जुड़ गए हैं और सभी ने अपने-अपने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है और लोगों से भी इससे जुड़ने की अपील की है।