Krishna Janmashtami 2021: जन्माष्टमी का पावन पर्व 30 अगस्त 2021 को मनाया जाएगा। हिन्दू पंचांग के अनुसार, कृष्ण जन्माष्टमी हर साल भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनायी जाती है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भादौ मास में कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर रोहिणी नक्षत्र, हर्षण योग और वृष राशि में हुआ था। इस साल जन्माष्टमी पर जयंती योग बन रहा है। दरअसल यह बहुत ही दुर्लभ योग है। ऐसे योग कई वर्षों में एक बार बनते हैं। इस बार जन्माष्टमी पर सर्वार्थ सिद्धि योग भी बन रहा है। पंचांग के अनुसार, अष्टमी तिथि 29 अगस्त दिन रविवार को 11 बजकर 25 मिनट से शुरू हो जाएगी जो जन्माष्टमी के दिन 30 अगस्त को देर रात 01 बजकर 59 मिनट पर समाप्त होगी। वहीं रोहिणी नक्षत्र का प्रारंभ सुबह 06 बजकर 39 मिनट से हो रहा है, जो अगले दिन सुबह 09 बजकर 43 मिनट तक है। इसके साथ ही जन्माष्टमी की प्रात: 07 बजकर 48 मिनट से हर्षण योग शुरू हो जाएगा। सर्वार्थ सिद्धि योग 30 अगस्त को प्रात: 06 बजकर 39 मिनट से 31 अगस्त को प्रात: 05 बजकर 59 मिनट तक रहेगा। पूजा मुहूर्त 30 अगस्त सोमवार को रात 11:59 बजे से देर रात 12 बजकर 44 मिनट तक रहेगा।