Prayagraj Hanuman Mandir: प्रधानमंत्री मोदी आज यानी शुक्रवार 13 दिसंबर को प्रयागराज के दौरे पर हैं। उन्होंने महाकुंभ 2025 से जुड़ी लगभग 7 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उदघाटन किया, इसके साथ ही उन्होंने 'बड़े हनुमान जी' के मंदिर जाकर दर्शन किए। जिस लेटे हुए हनुमान मंदिर में पीएम मोदी ने दर्शन किया वह अपनी विशिष्टता और ऐतिहासिक महत्व के कारण देशभर में प्रसिद्ध है। इस मंदिर में हनुमान जी की विशाल, दक्षिणाभिमुखी प्रतिमा जमीन से कुछ नीचे लेटी हुई अवस्था में है। यह प्रतिमा न केवल अपनी भव्यता बल्कि अपने प्रतीकात्मक महत्व के लिए भी जानी जाती है। हनुमान जी के बायें हाथ में गदा और दायें हाथ में राम-लक्ष्मण होने के साथ ही, उनके पैरों के नीचे अहिरावण और कामदा देवी दबी होने का वर्णन किया जाता है। यह मंदिर अकबर के किले के पास गंगा किनारे स्थित है और इसकी स्थापना को लेकर कई किवदंतियां प्रचलित हैं। मान्यता है कि लंका विजय के बाद हनुमान जी यहीं विश्राम करने के लिए लेटे थे। यह मंदिर न केवल भक्तों के लिए आस्था का केंद्र है बल्कि भारतीय संस्कृति और इतिहास का भी एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।