Banke Bihari Mandir: बांके बिहारी मंदिर भारत के प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस मंदिर से जुड़ी कई मान्यताएं देशभर में प्रचलित हैं। ऐसा कहा जाता है कि यहां दर्शन करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी और जीवन पर ठाकुर जी की कृपा बनी रहती है। हालांकि, मंदिर में अब दर्शन को लेकर नई व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें ठाकुर जी के दर्शन का समय बदला गया है। दरअसल, मथुरा के वृंदावन में स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में अब वीआईपी दर्शन पर रोक लगा दी गई है। अब वीआईपी और सामान्य श्रद्धालु सभी एक ही लाइन में खड़े होकर दर्शन करेंगे, जिससे सभी भक्तों को समान सुविधा प्राप्त होगी। इसके साथ ही मंदिर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं। साथ ही ठाकुर जी के दर्शन की लाइव स्ट्रीमिंग की भी व्यवस्था होगी, ताकि हर भक्त घर बैठे भी ठाकुर जी का आशीर्वाद पा सके। ऐसे में आइए मंदिर के नए समय और कुछ मान्यताओं के बारे में जानते हैं।