Magh Mela Holy Bath Date: आज 03 जनवरी 2026 को पौष माह की पूर्णिमा तिथि है फिर इसके बाद माघ का महीना शुरू होगा। इसी के साथ प्रयागराज के संगम तटक माघ मेला भी आरंभ हो रहा है। माघ मेला हर वर्ष माघ माह में शुरू होता है। प्रयागराज माघ मेले के दौरान देश-विदेश से भक्त संगम पहुंचकर कल्पवास करते हैं। संगम तट पर हर साल आयोजित होने वाला माघ मेला अत्यंत विशिष्ट महत्त्व रखता है। यह पर्व पूरे एक महीने तक संचालित होता है। करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा का प्रतीक यह मेला तप, साधना, संयम और आत्मजागरण का अद्भुत उत्सव माना जाता है। मान्यता है कि गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में पवित्र स्नान करने से पापों का क्षय होता है और मोक्ष की प्राप्ति संभव होती है। यही कारण है कि हर वर्ष मकर संक्रांति से पूरे माघ महीने तक असंख्य भक्त संगम आकर स्नान, पूजा और आध्यात्मिक साधना करते हैं।
पुराणों में संगम क्षेत्र को देवभूमि और पुण्य स्थल की उपाधि दी गई है, जबकि अक्षयवट, सरस्वती कूप और त्रिवेणी क्षेत्र प्राचीन काल से तपस्थली माने जाते हैं। इतिहासकारों का मानना है कि यह मेला हजारों वर्षों से निरंतर लग रहा है और समय के साथ इसकी भव्यता कई गुना बढ़ती जा रही है। आइए जानते हैं कि वर्ष 2026 में माघ मेला कब आरंभ होगा, यह कितने दिन तक चलेगा और मुख्य स्नानों की तिथियां क्या हैं।