Happy Kajari Teej 2025: भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि पर कजरी तीज मनाई जाती है। इस बार 12 अगस्त 2025 को कजरी तीज है। इस दिन सुहागिनें पति की लंबी उम्र, अखंड सौभाग्य और संतान सुख के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। साथ ही पूरे विधि-विधान से महादेव और देवी पार्वती की उपासना करती हैं। मान्यता है कि इस तिथि पर दान, भजन-कीर्तन, जागरण जैसे पुण्य कार्य करने पर वैवाहिक जीवन सुखमय बनता है।
हिंदू धर्म में कजरी तीज को हरियाली, प्रेम, विश्वास और सांस्कृतिक महत्व का दिन माना गया है। इस दिन शिवलिंग पर जल चढ़ाने से मनचाहा साथी पाने की कामना भी पूर्ण होती हैं। हालांकि सुहागिनें कजरी तीज पर मेहंदी, हरे रंग की साड़ी धारण करते हुए सखी सहेलियों संग सज-धज कर झूले झूलती हैं। इस दौरान महिलाएं कजरी गाकर अपनी खुशियां व्यक्त करती हैं। इस पर्व की खास रौनक भारत के राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में देखने को मिलती हैं। यहां महिलाएं एकजुट होकर पूजा-पाठ करती हैं और गले मिलकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं देती हैं। ऐसे में आप इन प्यार भरे संदेशों के जरिए अपनी सहेलियों को कजरी तीज की शुभकामनाएं दे सकती हैं।