Bada Mangal Vrat Udyapan 2026: ज्येष्ठ मास में पड़ने वाले बड़े मंगल का धार्मिक महत्व बेहद खास माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु भगवान हनुमान की विधिपूर्वक पूजा करते हैं और उनकी कृपा प्राप्त करने के लिए व्रत रखते हैं। कई लोग 11, 21 या उससे अधिक मंगलवारों तक व्रत करने का संकल्प लेते हैं। हालांकि, अक्सर लोग यह भूल जाते हैं कि व्रत का समापन सही तरीके से करना भी उतना ही जरूरी है जितना उसे रखना। इस समापन प्रक्रिया को ‘उद्यापन’ कहा जाता है, जिसके बिना व्रत अधूरा माना जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जब निर्धारित संख्या में व्रत पूरे हो जाएं, तो अंतिम मंगलवार को पूरे विधि-विधान से पूजा कर उद्यापन करना चाहिए। ऐसा करने से साधक को अपने व्रत का संपूर्ण फल प्राप्त होता है और हनुमान जी की विशेष कृपा जीवन में बनी रहती है।
उद्यापन क्यों है जरूरी?
यदि आपने किसी निश्चित संख्या में बड़ा मंगल व्रत करने का संकल्प लिया है, तो उसके पूर्ण होने पर उद्यापन करना आवश्यक है। इसे व्रत की पूर्णाहुति माना जाता है। बिना उद्यापन के व्रत का फल अधूरा रह सकता है, इसलिए अंतिम मंगलवार को इस प्रक्रिया को अवश्य पूरा करना चाहिए।