मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि प्रदेश के हर आवासहीन गरीब व्यक्ति को आवास का पट्टा देकर मालिक बनाएंगे। कोई भी व्यक्ति घर बनाने के लिए जमीन के टुकडे़ से वंचित नहीं रहेगा। राज्य सरकार ने अभियान चलाकर हजारों एकड़ जमीन माफिया के चंगुल से मुक्त कराई है। यह मुक्त कराई गई जमीन गरीब परिवारों को आवास के लिए बांटी जाएगी। गरीबों को गांवों में उपलब्ध शासकीय जमीन में पट्टे दिए जाएंगे। आवश्कता पड़ी तो जमीन खरीदकर भी पट्टों का वितरण करेंगे।
मुख्यमंत्री ने सीधी जिले के धौहनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोतरा में 142 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पट्टों का वितरण किया। इस अवसर पर शिवराज ने कहा कि मैं गरीबों का कल्याण कर जमाने को बदलने आया हूं। हर गरीब को उसका हक मिलेगा। राज्य सरकार का संकल्प है कि ऐसे भूमिहीन गरीब जिनके पास अपना घर बनाने की जमीन नहीं है, सरकार उन्हें जमीन का पट्टा देगी। इस योजना से उन परिवारों को भी लाभ मिलेगा, जो एक छोटे-से घर में संयुक्त रूप से साथ रह रहें हैं। परिवार तो बड़ा होता गया लेकिन उनके पास जमीन का टुकड़ा नहीं है। आज का दिन गरीबों के लिए खुशी का दिन है और मैं उनके साथ खुशियों में शामिल होने आया हूं। मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना पर चर्चा करते हुए कहा कि यह योजना बहनों के सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित होगी। इस योजना में हर पात्र बहन को प्रत्येक माह 1000 रुपये उनके खाते में दिए जाएंगे, जिससे उन्हें अपनी और परिवार की छोटी-छोटी जरूरतों के लिए किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा।