हिमाचल प्रदेश में शनिवार को 25 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। 17 बिजली ट्रांसफार्मर और 12 पेयजल योजनाएं भी बंद रहीं। शिमला, मंडी, सिरमौर और ऊना में शुक्रवार रात से शनिवार शाम तक बादल झमाझम बरसे। बारिश के चलते प्रदेश में नौ मकान और आठ गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुए हैं। बरसात से अभी तक प्रदेश में 45,187 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान हो चुका है। रविवार को भी प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
पिंजौर के पास उफान पर आई खड्ड से बद्दी सड़क जाम रही।
पिंजौर से बद्दी की ओर आने वाला संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते प्रशासन को पिछले कई माह से बंद पुराने पुल को दोबारा चालू करना पड़ा है। ट्रैफिक जाम के चलते औद्योगिक क्षेत्र बद्दी की ओर आने वाले ट्रक माल लेकर समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। वहीं, उद्योगों में कामगार भी समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। शुक्रवार रात को करीब पांच घंटे की बारिश के चलते शिमला-चंडीगढ़ हाईवे पर परवाणू से कंडाघाट के बीच कई जगहों पर पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिर कर सड़क पर आ गया है।