पर्यटकों के लिए रोहतांग दर्रा बहाल होते ही इस मार्ग पर सड़क किनारे 15 से 20 फीट ऊंची बर्फ की दीवारों के बीच रोमांच का सफर शुरू हो गया है। देश-विदेश के पर्यटकों की पसंदीदा सैरगाह में दर्रा बहाल होने के पहले ही दिन पर्यटकों का मेला लग गया। शुक्रवार को 580 पर्यटक वाहन रोहतांग पहुंचे। हालाकि, पर्यटन विभाग की ऑनलाइन साइट के माध्यम से करीब 600 वाहनों के लिए परमिट जारी किए गए थे।
करीब छह माह बाद रोहतांग दर्रा बहाल होने पर अब मनाली के पर्यटन कारोबार को संजीवनी मिलेगी। ऑनलाइन बुकिंग में इजाफा होने के साथ ही आगामी सप्ताह तक यहां का पर्यटन सीजन बूम पर आने की संभावना भी प्रबल हो गई है। शुक्रवार को पहले दिन हजारों पर्यटक रोहतांग दर्रा पहुंचे और बर्फ के बीच अठखेलियां कीं। गौरतलब है कि सड़क सीमा संगठन ने पिछले साल के मुकाबले इस साल करीब एक माह पहले ही दर्रा बहाल कर दिया है।