फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Red Alert in Himachal: लगातार हो रही बारिश, कहीं पुल ध्वस्त तो कहीं बह गए मकान; पांच की मौत, 2000 भक्त फंसे

Tue, 26 Aug 2025 06:04 PM IST
विकास कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला

सार

मणिमहेश यात्रा पर गए पंजाब के चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। प्रशासन ने यात्रा पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा दी है। दो हजार से ज्यादा श्रद्धालु अभी भी बीच रास्ते में फंसे हुए हैं। 
विज्ञापन
1 of 14
हिमाचल में बारिश ने बचाया कहर - फोटो : PTI/अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच बारिश ने तबाही मचाई है। जगह-जगह भूस्खलन से राज्य में तीन नेशनल हाईवे सहित 690 सड़कें बंद हैं। 2,349 बिजली ट्रांसफार्मर व 234 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं। इससे कई इलाकों में बिजली-पानी की आपूर्ति ठप है। आठ जिलों में आज शिक्षण संस्थान बंद रखे गए हैं। कुल्लू जिले में बारिश ने तबाही मचाई है। ब्यास नदी के रौद्र रूप से लोगों में दहशत का माहौल है। चार दुकानों के ब्यास में बहने की सूचना है। भारी बारिश से मनाली के बाहंग में एक रेस्तरां ब्यास नदी में आई बाढ़ में बह गया। अब सिर्फ इसका सामने वाला हिस्सा ही बचा है। 14 मील में भी रिहायशी इलाकों में पानी भर गया। 15 मील में एक शौचालय व कुछ खोखे ब्यास में बह गए।
विज्ञापन

2 of 14
हिमाचल में बारिश से तबाही। - फोटो : अमर उजाला
मनाली-लेह मार्ग ठप 
मनाली-लेह मार्ग बाहंग में भूस्खलन होने के कारण बंद हो गया है। ओल्ड मनाली से बुरुआ को जाने वाली सड़क भी बंद हो गई। कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे बिंदु ढाक के समीप सड़क बहने के कारण ठप हो गया। सड़क धंसने के कारण एक ट्रक और एक जीप भी ब्यास में बह गई। वाहनों को वामतट मार्ग से भेजा जा रहा है। मनाली से भी यातायात वाया लैफ्ट बैंक ही डायवर्ट किया गया है। ब्यास नदी का जल स्तर काफी बढ़ गया है, ग्रीन टैक्स बैरियर आलू ग्राउंड के पास पानी सड़क पर बह रहा है।
विज्ञापन

3 of 14
हिमाचल में आफत की बारिश। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
बाढ़ से ओल्ड मनाली पुल हुआ ध्वस्त, अखाड़ा बाजार में मकान बहा 
ओल्ड मनाली में मनालसु नाला में बना पुल बाढ़ से ध्वस्त हो गया है। पिलर बहने से पुल टूटकर नदी के ऊपर लटक गया है। इस वजह से ओल्ड मनाली, बुरुआ, शनाग, मझाच, पलचान, सोलंग, कोठी का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। दूसरी ओर समाहन में सड़क धंसने से मनाली-लेह मार्ग बंद है। अखाड़ा बाजार में एक मकान ब्यास नदी में बह गया। रामशिला में दो मकान ढह गए। एक दुकान भी बह गई। नग्गर-पतलीकुहल को जोड़ने वाला पुल भी ब्यास नदी में आई बाढ़ की चपेट में आया।

4 of 14
हिमाचल में भारी बारिश से हाईवे पर भूस्खलन। - फोटो : संवाद
इतने दिन बरसेंगे बादल, इन जिलों में स्कूल बंद 
मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा व मंडी जिले में आज रेड और कुल्लू के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, सोलन व लाहाैल-स्पीति में येलो अलर्ट रहेगा। प्रदेश की ऊंची चोटियों शिंकुला दर्रा, कुगती जोत, बारालाचा, रोहतांग में ताजा बर्फबारी हुई है। 1 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान है। 29 से 31 अगस्त तक कई स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उधर, ऊना, चंबा, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा व बिलासपुर, सोलन व शिमला जिले में आज भी शिक्षण संस्थान बंद रखने का फैसला लिया गया है। जिला प्रशासन के आदेशानुसार हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में भी मंगलवार को शिक्षण कार्य बंद रहेगा। अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. बीके शिवराम ने इसकी अधिसूचना जारी की है।
विज्ञापन

5 of 14
हिमाचल में भारी बारिश से जगह-जगह भूस्खलन। - फोटो : अमर उजाला
चार मणिमहेश श्रद्धालुओं समेत पांच की मौत, यात्रा रोकी 
मणिमहेश यात्रा पर गए पंजाब के चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। प्रशासन ने यात्रा पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा दी है। दो हजार से ज्यादा श्रद्धालु अभी भी बीच रास्ते में फंसे हुए हैं। हालांकि, सभी सुरक्षित स्थानों पर हैं। वहीं, नूरपुर में डडवाड़ा गांव का गुरुदेव सिंह (72) की खड्ड में बहने से मौत हो गई। वहीं मंडी शहर में ब्यास नदी पंचवक्त्र मंदिर तक पहुंच गई है। ब्यास नदी उफान पर होने से प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे नहीं जाने की हिदायत दी है।
विज्ञापन

6 of 14
हिमाचल में बारिश से फिर बढ़ी परेशानी। - फोटो : अमर उजाला
बालीचौकी में दो और मकान जमींदोज 
मंडी जिले के मुख्य बाजार बालीचौकी में जमीन धंसने के कारण जद में आए 13 घरों में से चार घर जमींदोज हो गए हैं। दो लोगों का 30 कमरों का संयुक्त घर शुक्रवार रात को जमींदोज हुआ था जबकि अब चार लोगों के दो घर बीती रात को जमींदोज हो गए। इनमें 22 दुकानें भी थीं। मकान दो मंजिला और चार मंजिला थे। हालांकि, मकानों को एहतियातन पहले ही खाली करवा दिया गया था। प्रभावितों में केसर सिंह, नारायण दास, डोले राम और बीर सिंह शामिल हैं। इन सभी का एक करोड़ से अधिक का नुकसान हो गया है। यहां गेस्ट हाउस सहित रिहायशी कमरे और दुकानें थीं, जोकि अब पूरी तरह से जमींदोज हो गए हैं। अपने आशियानों को अपनी आंखों के सामने टूटता देख प्रभावित सदमे में हैं। प्रभावितों ने सरकार से अधिक से अधिक मदद की गुहार लगाई है।
विज्ञापन

7 of 14
हिमाचल में बारिश से फिर हुई तबाही। - फोटो : अमर उजाला
भारी बारिश में पौंग का जलस्तर खतरे के निशान से सिर्फ 1 फीट दूर 
लगातार बारिश के चलते पौंग डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। 25 अगस्त दोपहर जलस्तर 1385.21 फीट था और दो दिनों में छह फीट बढ़कर 26 अगस्त सुबह 9:00 बजे यह 1388.90 फीट तक पहुंच गया। खतरे का निशान 1390 फीट है। बीबीएमबी ने बड़ा फैसला लेते हुए आउटफ्लो को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 75,000 क्यूसिक तक पहुंचाना शुरू कर दिया है। पिछले 21 दिनों से पौंग बांध के घेट खुले हैं। मंड क्षेत्र के लिए यह खतरे की घंटी है। बीबीएमबी ने चरणबद्ध तरीके से पानी छोड़ने का शेड्यूल जारी किया हुआ है। एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है लेकिन हालात गंभीर हैं। मंड क्षेत्र के लिए खतरा बढ़ा है। लोगों से अपील है कि सतर्क रहें और अनावश्यक रिस्क न लें। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है और राहत कैंप में ठहरने, खाने-पीने और स्वास्थ्य सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की गई है। प्रशासन लगातार अलर्ट पर है। पहले की तुलना में अब ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। जलस्तर के बढ़ने के चलते आउटफ्लो को फिर से 75,000 क्यूसिक किया जा रहा है।

8 of 14
हिमाचल में बारिश से फिर हुई तबाही। - फोटो : अमर उजाला
गिरि पेयजल योजना में आई गाद, शिमला शहर के लिए आपूर्ति ठप 
भारी बारिश से गिरि पेयजल योजना में बड़ी मात्रा में गाद आ गई है। इससे शिमला शहर के लिए पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। वहीं शिमला-चंडीगढ़ हाईवे पर शोघी के पास पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिर गए। इससे आवाजाही प्रभावित रही। फिलहाल यातायात जारी है। ओल्ड मनाली में मनालसु नाला और ब्यास नदी उफान पर, घरों को खतरा प्रदेश में लगातार जारी बारिश तबाही मचा रही है। ओल्ड मनाली में मनालसु नाला और ब्यास नदी उफान पर हैं। इससे यातायात बाधित हो गया।

9 of 14
हिमाचल में बारिश से फिर तबाही। - फोटो : अमर उजाला
कहां कितनी बारिश 
बीती रात नयना देवी 160.8, भटियात (चुवाड़ी) 125.2, मनाली 102.0, धर्मशाला 102.0, घमरूर 91.4, कांगड़ा 89.0, नगरोटा सूरियां 88.8, पालमपुर 88.0, कोठी 85.8, भुंतर 77.2, चंबा 74.0, गुलेर 71.8, करसोग 65.2, सुजानपुर टिहरा 60.6, रोहड़ू 60.0, जोगिंद्रनगर 59.0, नादौन 58.2, देहरा गोपीपुर 57.0, बंजार 57.0, अघार 55.0 व सुंदरनगर में 51.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

10 of 14
हिमाचल में तबाही - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दो दिन में 47 पक्के और 98 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त 
प्रदेश में जारी भारी बारिश के बीच रविवार और सोमवार को 47 पक्के और 98 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। 79 दुकानों और 91 गोशालाओं को भी नुकसान पहुंचा है। प्रदेश में जारी बारिश के बीच मानसून सीजन के दौरान अभी तक कुल 2394 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 25 अगस्त तक 306 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 367 लोग घायल हुए हैं। 38 लोग अभी लापता हैं। इस दौरान 150 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई है। बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ से अब तक 3,656 कच्चे-पक्के घरों, दुकानों को क्षति हुई है। 2,819 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 1,843 पालतु पशुओं की मौत हुई है।

11 of 14
हिमाचल में बरसात से गिरे पेड़, लाहाैल में बाढ़। - फोटो : अमर उजाला
ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ा, किनारे की बस्ती को खतरा 
बारिश के चलते कुल्लू जिले के नदी-नाले पूरी तरह से उफान पर हैं। ब्यास नदी ने भी रौद्र रूप धारण कर लिया है। इससे किनारे की बस्तियों को खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने भी नदी किनारे की बस्तियों को खाली करवा दिया है। जिला मुख्यालय कुल्लू में भी हनुमानी बाग, लंकाबेकर की बस्तियों में पानी घुस गया है। जिला मुख्यालय में ब्यास नदी के साथ लगघाटी से आती सरबरी नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। उधर, मणिकर्ण घाटी की पार्वती नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ा हुआ है।

12 of 14
हिमाचल में भारी बारिश से तबाही। - फोटो : अमर उजाला
सोलन शहर के पुराने बस स्टैंड के समीप गिरा डंगा, दो वाहनों को नुकसान 
सोलन शहर में सोमवार से जारी बारिश के क्रम से नुकसान शुरू हो गया है। शहर के पुराने बस स्टैंड के पास मंगलवार सुबह अचानक पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। भूस्खलन की चपेट में दो वाहन आ गए। गनीमत यह रही कि जिस समय भूस्खलन हुआ तो राहगीरों ने देख लिया और वहां से दूर हो गए। इससे हादसा होने से भी टल गया।

13 of 14
हिमाचल में बारिश से जगह-जगह भूस्खलन, मक्की की फसल को नुकसान। - फोटो : संवाद
अंतिम संस्कार के लिए अर्थी लेकर जा रहे लोगों पर गिरी गोशाला की दीवार 
हमीरपुर जिले के ख्याह गांव में अंतिम संस्कार के लिए अर्थी लेकर जा रहे लोगों पर गोशाला की दीवार गिर गई। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में लाया गया। बीते दिन गांव के ही वीरेंद्र कुमार की मौत हुई। ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए शव को शमशानघाट ले जा रहे थे। इस दौरान गांव के रास्ते से गुजरते समय अर्थी लेकर चले लोगों पर गोशाला की दीवार गिर गई। इस दौरान विपन शर्मा, शशि शर्मा, ऋषि शर्मा, मुकेश और रमेश घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर लाया गया। यहां इनका उपचार किया जा रहा है।
विज्ञापन

14 of 14
बारिश और भूस्खलन से हिमाचल में हुआ नुकसान। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू-मनाली हाईवे पर रिसॉर्ट को खतरा, सुरक्षा दीवार ब्यास में बही 
कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग में शिरढ़ रिसॉर्ट के पास ब्यास नदी ने काफी तबाही मचाई है। यहां सड़क पूरी तरह से नदी में समा गई है। इसके साथ ही सड़क के किनारे बना रिजॉर्ट भी खतरे में पड़ गया है। वर्ष 2023 में यहां रिजॉर्ट को सुरक्षित करने के लिए बनाई गई सुरक्षा दीवार भी ब्यास नदी में बह गई है। ऐसे में अब रिजॉर्ट पूरी तरह से खतरे में आ गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें