देश के साथ हिमाचल प्रदेश में भी आज महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। प्रदेश भर के शिवालयों में सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। शिवालय ओम नम: शिवाय के जयकारों से गूंज उठे। वहीं, मंगलवार को लघु जलेब निकालकर मंडी जिला प्रशासन ने बाबा भूतनाथ को शिवरात्रि महोत्सव का न्योता दिया। राजकीय सम्मान के साथ देव माधोराय मंदिर से छोटी जलेब में सबसे आगे पुलिस की टुकड़ी, होमगार्ड बैंड और पीछे तीन प्राचीन देवता देव डगांडू, श्री देव शुकदेव ऋषि थट्टा, श्री देव झाथी वीर चले। इससे पहले मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी अपनी धर्मपत्नी मनु पंवर के साथ राज देवता श्री माधोराय की ओर से बाबा भूतनाथ को शिवरात्रि मेले का निमंत्रण देने उनके दरबार पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने भूतनाथ मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की। देव आस्था के महाकुंभ अंतरराष्ट्रीय मंडी महाशिवरात्रि महोत्सव 2022 के शुभारंभ के लिए छोटी काशी मंडी तैयार है। मेले का शुभारंभ बुधवार को सीएम जयराम ठाकुर करेंगे।