हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के संधोल निवासी शहीद विंग कमांडर मोहित राणा की पार्थिव देह शनिवार को उनके चंडीगढ़ स्थित घर पहुंची तो सबकी आंखें नम हो गईं। अपराह्न 3:30 बजे सेक्टर-25 स्थित मुक्तिधाम में शहीद का अंतिम संस्कार किया गया। शहीद की पत्नी निधि ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे पहले मोहित राणा की बहनों मीनाक्षी और शबनम ने अपने भाई के ताबूत में राखी बांधी। अंतिम संस्कार की अन्य रस्में शहीद की पत्नी के साथ भतीजे रोहित ने पूरी कीं।
विंग कमांडर को अंतिम विदाई देने के लिए मंडी से आए परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों सहित बड़ी संख्या में वायुसेना के जवान मौजूद रहे। शहीद के पैतृक गांव संधोल में सन्नाटा पसर गया है। गौर हो कि राजस्थान के बाड़मेर में प्रशिक्षण के दौरान गुरुवार रात करीब 9:00 बजे लड़ाकू विमान मिग-21 दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में विंग कमांडर मोहित राणा और जम्मू के फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बल शहीद हो गए थे।