हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के बाद भले ही दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं लेकिन अटल टनल रोहतांग से होकर मनाली-केलांग नेशनल हाईवे आम लोगों के गुरुवार सुबह से खुल गया है। सुबह सात से नौ बजे तक टनल रूटीन की तरह मरम्मत के लिए बंद रही। इसके बाद मनाली-केलांग मार्ग पर, शिमला से चौपाल और नेरवा के लिए बस सेवा शुरू कर दी गई है। हिमाचल में एक सप्ताह से 190 ट्रांसफार्मरों के बंद रहने और 82 पेयजल स्कीम चालू न होने से बर्फीले क्षेत्रों में लोगों को बिजली और पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 15 जनवरी तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। 16 और 17 जनवरी को बारिश-बर्फबारी की संभावना है। उधर, कुल्लू जिले में मौसम खुले हुए चार दिन हो गए हैं। अधिकतर जगहों पर निगम की बसों के साथ छोटे वाहनों का दौड़ना शुरू हो गया है, पर जिले में अभी छह दिन सें एक हाईवे-305 और 29 अन्य सड़कों पर वाहन सेवा बंद है।