कांगड़ा जिले में बारिश शुक्रवार को भी जारी रही। वहीं जिले की ऊंची पहाड़ियों पर ताजा हिमपात भी दर्ज किया गया। इसके अलावा छोटा भंगाल, मुल्थान, चोहार घाटी व बरोट के गांवों में भी शुक्रवार को भी ताजा हिमपात दर्ज किया गया। इन गांवों में अब तक आठ से नौ इंच तक बर्फबारी हो चुकी है। बर्फबारी के कारण गुरुवार से बंद पड़ा मुल्थान-बरोट और कोठी कोढ़ व बड़ा गांव की ओर जाने वाले सड़क मार्ग अभी भी बाधित हैं। इसके अलावा जिला कांगड़ा के बैजनाथ, इंदौरा, कंडवाल, कांगड़ा, पालमपुर, ज्वालामुखी, कोटला, रैत व देहरा सहित अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हुई।