हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के तहत ननखड़ी विकास खंड की अड्डू पंचायत में गुरुवार शाम भीषण अग्निकांड में पांच मकान जलकर राख हो गए हैं। अग्निकांड से लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। वहीं पांच परिवार बेघर हो गए हैं। देर शाम तक प्रशासन, पुलिस, ग्रामीण और होमगार्ड के जवान आग पर काबू पाने में जुटे रहे। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम अड्डू गांव के अचानक एक मकान में आग लग गई। आसपास लकड़ी के मकान होने पर देखते ही देखते आग अन्य मकानों में भी फैल गई। इससे गांव में अफरातफरी मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास किए और मामले की सूचना पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग को दी। इसके बाद दमकल विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया। देर रात तक प्रशासन की टीमें गांव में राहत और बचाव कार्यों में जुटी रहीं। अग्निकांड में रविंद्र खूंद पुत्र रूप चंद, सुरेश कुमार पुत्र रूप सिंह, रुमाल सिंह पुत्र गोकल राम, टेक चंद पुत्र साध राम, रूप सिंह पुत्र सागर दास के मकान आग की भेंट चढ़ गए हैं।