केदार ठाकुर(वरिष्ठ रंगकर्मी एवं अभिनेता)
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के अभिनेताओं ने रंगमंच और सिनेमा पर छोड़ी छाप
माचल में रंगमंच और सिनेमा के लिए बेहतरीन माहौल है। यहां से निकले रंग कर्मियों और अभिनेताओं ने अपनी प्रतिभा के बूते अमिट छाप छोड़ी है। हिमाचल में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा दिल्ली से प्रशिक्षण प्राप्त स्वर्गीय मनोहर सिंह ने शिमला के गेयटी थियेटर से अपना सफर शुरू किया और मायानगरी में अपने अभिनय की अमिट छाप छोड़ी। अनुपम खेर, प्रीति जिंटा, कंगना राणौत और यामी गौतम ने बाॅलीवुड में हिमाचल का नाम ऊंचा किया है। हिमाचल के थियेटर आर्टिस्ट विजय कश्यप, रोहिताशव गौड, नीरज सूद की प्रतिभा किसी से छिपी नहीं है। सोलन की ट्विंकल शर्मा ने हाल ही में आई राजा मोली की फिल्म आरआरआर में अभिनय किया है। टेलीविजन के लिए भी हिमाचल प्रदेश ने कई प्रतिभाएं दी हैं, जिनमें रूबीना दिलैक, मोहित परमार, सौरभ सेवल, सौरभ अग्निहोत्री, प्रेरणा ठाकुर, सौरभ चौहान और हैप्पी शर्मा नाम कमा रहे हैं। प्रवीण चांदला ने 1975 के बाद शिमला में थियेटर शुरू किया था। भूपेंद्र शर्मा लोक रंगमंच में जाना-माना नाम है। शिमला के देवेन जोशी और अमला रॉय थियेटर के जाने-माने चेहरे रहे हैं। मंडी के सतोहल स्थित हिमाचल सांस्कृतिक शोध संस्थान के संचालक सुरेश शर्मा नेशनल स्कूल आॅफ ड्रामा के निदेशक रहे हैं। देश भर के युवा रंगकर्मी प्रशिक्षण लेने इस संस्थान में आते हैं। रंगमंच और सिनेमा के जाने-माने कलाकार राजन मोदी और जय हिंद कुमार इसी संस्थान से प्रशिक्षित हैं। यहां से प्रशिक्षण लेकर राजस्थान के जितेंद्र सिंह नरुका राजस्थानी फिल्में बना रहे हैं। हिमाचल देश भर में रंगमंच और सिनेमा का सबसे बड़ा केंद्र बन सकता है, क्योंकि यहां का वातावरण बहुत बेहतर है। रंगमंच और अभिनय के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए यहां प्रशिक्षण संस्थान खोलने और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता है। हिमाचल प्रदेश की फिल्म पॉलिसी तैयार है, लेकिन पिछले चार वर्षों से लागू नहीं हो सकी, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। - केदार ठाकुर(वरिष्ठ रंगकर्मी एवं अभिनेता)
केदार ठाकुर : 32 नाटकों अभिनय 35 का निर्देशन
कला के क्षेत्र में देश के सबसे बड़े युवा सम्मान उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार से सम्मानित केदार ठाकुर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय विस्तार कार्यक्रम के तहत हिमाचल सांस्कृतिक शोध संस्थान एवं नाट्य अकादमी से प्रशिक्षित हैं। अब तक 32 नाटकों में अभिनय कर चुके हैं। 35 नाटकों का निर्देशन भी कर चुके हैं। प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्म मेरीकॉम और एपिक चैनल के लिए दि ग्रेट एस्केप सीरेज में अभिनय कर चुके हैं।