फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PICS: शहर को करोड़ों की सौगात दे गए सीएम

Tue, 07 Jun 2016 11:08 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
1 of 10
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शहर को करोड़ों की सौगातें दी। सीएम ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल संजौली और सीनियर सेकेंडरी स्कूल लक्कड़ बाजार के नए भवनों की आधारशिला रखी। संजौली के इंजनघर वार्ड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने का एलान किया और बहुउद्देशीय स्टेडियम का शिलान्यास किया। इसके अलावा गंज बाजार में सनातन धर्म सभा की ओर से बनाए जाने वाली सराय ‘श्री राधे भवन’ की भी आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने शहर में नई सड़कों के निर्माण और नागरिक सुविधाओं में विस्तार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने संजौली स्कूल में नए भवन की आधार शिला रखी। उन्होंने अधिकारियों को डबल शिफ्ट में स्कूल के नए भवन का काम करने के निर्देश दिए ताकि जल्द से जल्द भवन बन कर तैयार हो सके।
विज्ञापन

2 of 10
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह - फोटो : अमर उजाला
इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला इंजनघर वार्ड पहुंचा यहां मुख्यमंत्री ने स्थानीय पार्षद सुशांत कपरेट की मांग पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने का एलान किया। साथ ही 1.86 करोड़ से बहुउद्देशीय स्टेडियम की नींव भी रखी। पहली किश्त के तौर पर 50 लाख रुपये जारी करने के भी आदेश दिए। उन्होंने संजौली क्षेत्र में सड़कों को चौड़ा करने तथा नई सड़कों का निर्माण व नागरिक सुविधाएं विकसित करने के लिए एक विस्तृत योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने लक्कड़ बाजार स्कूल में 7.72 करोड़ से बनने वाले नए भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने अधिकारियों को स्कूल के गेट को नए सिरे से बनाने के भी आदेश दिए।
विज्ञापन

3 of 10
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह - फोटो : अमर उजाला
एक के बाद एक चार कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री ने शहर के लोगों पर जहां तोहफों की बरसात कर दी वहीं नगर निगम के मेयर निशाने पर रहे। संजौली स्कूल में कार्यक्रम के दौरान मेयर को मंच पर जगह नहीं मिली। थोड़ी देर स्कूल ग्राउंड में खड़े रहने के बाद मेयर नाराज होकर कार्यक्रम छोड़ कर चल दिए। हालांकि इस बीच स्कूल के प्रिंसिपल ने अपनी कुर्सी छोड़ कर मेयर से बैठने का आग्रह किया लेकिन मेयर नहीं माने। कार्यक्रम के दौरान मेयर, डिप्टी मेयर के अलावा नगर निगम के पार्षदों को भी मंच पर जगह नहीं मिली। कांग्रेस नेताओं और विभिन्न विभागों के अधिकारी ने कुर्सियों पर कब्जा करके रखा।

4 of 10
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह - फोटो : अमर उजाला
स्कूल भवन के सामने व्यवसायिक परिसर के निर्माण को लेकर नगर निगम पर मुख्यमंत्री ने निशाना साधा। हालांकि, संजौली स्कूल के बाद इंजनघर वार्ड में स्टेडियम के शिलान्यास अवसर पर मेयर डिप्टी मेयर मुख्यमंत्री के अगल बगल की कुर्सियां हथियाने में कामयाब रहे, लेकिन यहां भी निशाने पर मेयर ही थे। मंच पर मुख्यमंत्री से कर दी मेयर की शिकायत- राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष किरण धांटा ने मंच पर ही मुख्यमंत्री से मेयर की शिकायत कर दी। किरण ने बताया कि इंजनघर से सांगटी के लिए एंबुलेंस रोड 4 सालों से प्रस्तावित है, लेकिन नगर निगम सड़क बनाने को लेकर गंभीर नहीं है। सड़क के लिए बजट भी सरकार ने दिया है। उन्होंने बताया कि सांगटी नाला में गिरने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं मेयर से नाले को कवर कर सीढ़ियां लगाने का आग्रह किया था लेकिन मेयर काम नहीं करवा रहे।
विज्ञापन

5 of 10
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह - फोटो : अमर उजाला
एक के बाद एक आरोपों की बारिश होती देख मेयर ने मुख्यमंत्री से कहा कि राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्षा किरण धांटा उनकी भाभी लगती है, इसलिए शिकायत कर रही हैं। नगर निगम अपने कार्य को लेकर गंभीर है। मुख्यमंत्री ने नगर निगम को एक महीने के भीतर काम शुरू करने के आदेश दिए। सनातन धर्म सभा की ओर से एसडी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सभा को जमीन का नक्शा पास करवाने में सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़ कर योगदान देने के लिए सभा की जम कर प्रशंसा की। उन्होंने सराय के लिए प्रस्तावित जमीन के पास खाली जगह सभा को उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने स्कूल में इंडोर स्टेडियम बनाने के लिए नक्शा पास करने में सहयोग का भी एलान किया।
विज्ञापन

6 of 10
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह - फोटो : अमर उजाला
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि वन टाइम सेटलमेंट पालिसी को लेकर सरकार ने आर्डिनेंस ला दिया है। पालिसी के तहत तय वक्त तक जहां है जैसे है कि तर्ज पर भवनों को पास किया जाएगा। लोगों के आग्रह पर उन्हें राहत देने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है। नगर निगम के पूर्व पार्षद महेंद्र चौहान ने वन टाइम पालिसी का आर्डिनेंस लाने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार जताया। सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष अजय सूद ने बताया कि डीडीयू अस्पताल के पीछे खाली पड़ी भूमि पर सनातन धर्म सभा सराय बनाने जा रही है। इस सराय में अस्पताल आने वाले मरीजों के तीमारदार ठहर सकेंगे। अभी तक मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों को आसपास ठहरने की व्यवस्था न होने के कारण भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
विज्ञापन

7 of 10
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह - फोटो : अमर उजाला
संजौली स्कूल के सामने पार्किंग और व्यवसायिक परिसर के निर्माण पर मुख्यमंत्री आगबबूला हो गए। लोनिवि और नगर निगम को फटकार लगाते हुए सीएम ने कहा कि मैंने आज तक के अपने कार्यकाल में पहली बार इस तरह की घटिया प्लानिंग देखी है। स्कूल के सामने कामर्शियल कांप्लेक्स बन रहा है और किसी को नहीं दिख रहा। विभागों के बीच आपसी तालमेल न होने के कारण सरकार को शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है। जिसने इस प्रोजेक्ट का नक्शा बनाया है, मैं उसकी कड़ी भर्त्सना करता हूं। अच्छा हुआ मैं समय से स्कूल आ गया, यह कार्यक्रम अगर आज न होता और इस स्कूल का हाल न देखता तो स्कूल के सामने बहुमंजिला इमारत खड़ी हो जाती’। सोमवार को सीनियर सेकेंडरी स्कूल संजौली के नए भवन का शिलान्यास करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने नगर निगम और पीडब्ल्यूडी से कुछ इस तरह नाराजगी जताई।

8 of 10
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह - फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान मंच से ही स्कूल परिसर के सामने व्यवसायिक परिसर का काम रोकने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि तुरंत काम रोका जाए और लेंटर के ऊपर खड़े किए गए सरियों को काट कर इसे स्कूल के खेल मैदान के साथ जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी की हवा और धूप रोकने का किसी को अधिकार नहीं है, और यह तो स्कूल है यहां तो बच्चे पढ़ते हैं यहां तो खास एहतियात बरती जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यवसायिक परिसर के टॉप फ्लोर का सरकार अधिग्रहण करेगी। निर्माण कर रही कंपनी को नुकसान न हो इसके लिए प्रोजेक्ट को लंबाई में विस्तार करने की इजाजत सरकार देगी। मुख्यमंत्री ने स्कूल के नए ब्लॉक का निर्माण कार्य डबल शिफ्ट में करवाए जाने के आदेश दिए ताकि जल्द से जल्द ब्लॉक बन कर तैयार हो जाए।

9 of 10
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह - फोटो : अमर उजाला
एसडी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन ने स्थानीय विधायक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि नगर निगम की मनमानी के कारण शहर के लोग परेशान है। नगर निगम के अफसर जब दिल करता है लोगों की बिजली काट देते हैं और मन करता है तो पानी बंद कर देते हैं। भारद्वाज ने कहा कि इतना ही नहीं मेयर और डिप्टी मेयर शहर की महिलाओं को भी धमका रहे हैं। विधायक ने मुख्यमंत्री से कहा कि अगर नगर निगम के हाउस में कांग्रेसी पार्षद उनका सहयोग करें तो मेयर, डिप्टी मेयर को मनमानी करने से वह रोक सकते हैं।
विज्ञापन

10 of 10
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह - फोटो : अमर उजाला
पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष हरीश जनारथा ने कहा कि शहर के विकास कार्यों में नगर निगम के नुमाइंदे ही बाधा पैदा कर रहे हैं। मेयर, डिप्टी मेयर की शहर के प्रति गलत सोच का परिणाम है कि विकास लटक रहे हैं। शहर के कारोबारियों को डराया धमकाया जा रहा है। मेयर डिप्टी मेयर के संरक्षण के कारण 2012 के बाद शहर में तहबाजारियों की संख्या कई गुणा बढ़ गई है। नगर निगम में नक्शे पेंडिंग होने के कारण काम नहीं हो पा रहा। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग को भी शहर से संबंधित विकास कार्य करने में नगर निगम से एनओसी न मिलने के कारण दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें