Budget 2024 Finance Minister Nirmala Sitharaman: मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट आज पेश हुआ। बतौर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में अंतरिम बजट पेश किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक रिकॉर्ड सेट करते हुए लगातार छठी बार बजट पेश किया। वह पहली महिला वित्त मंत्री हैं, जिन्होंने छह बार आम बजट संसद में पेश किया है। इसके पहले मोरारजी देसाई ने छह बार बजट पेश किया था।
प्रतिवर्ष बजट पेश करने के दौरान वित्त मंत्री सीतारमण की घोषणाओं का जितना लोगों को इंतजार होता है, उतना ही उनके लुक पर भी लोगों को ध्यान रहता है। हर साल सीतारमण हैंडलूम साड़ी में बजट पेश करने के लिए संसद पहुंचती हैं। इसी के जरिए वह भारत के हैंडलूम को बढ़ावा देती हैं।
अपने बजट भाषण में वित्त मंत्री ने महिला सशक्तिकरण के साथ ही कई अन्य घोषणाएं कीं। महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु प्रोत्साहित करने के लिए वित्त मंत्री बेहतर मिसाल हैं। आइए जानते हैं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की शिक्षा और उनके राजनीतिक जीवन के बारे में।