Indira Gandhi Death Anniversary 2023: देश की कई दिग्गज महिलाएं हैं जो नारी शक्ति की मिसाल हैं। इन महिलाओं का जीवन हर किसी के लिए प्रेरणा है। आज के दौर में स्त्री को शिक्षा हासिल करने, सपने देखने, करियर बनाने और आर्थिक तौर पर सशक्त बनने के लिए प्रोत्साहित करने वाली इन्हीं महिलाओं की सूची में एक नाम इंदिरा गांधी का है। इंदिरा गांधी देश की पहली और इकलौती महिला प्रधानमंत्री हैं।
इंदिरा गांधी आजाद भारत की पहली महिला जिन्होंने सरकार बनाई और पूरे भारत का नेतृत्व किया। आजादी के 76 साल में इंदिरा गांधी के बाद से अब तक देश को कोई महिला प्रधानमंत्री नहीं मिली। बतौर प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने कार्यकाल में बहुत दमदार फैसले लिए, जिन्होंने पूरे देश में क्रांति ला दी थी। जवाहरलाल नेहरू की राजनीतिक विरासत को संभालते हुए इंदिरा गांधी ने 'गूंगी गुड़िया' के तमगे को हटाया और दमदार महिला के रूप में खुद की पहचान बनाई।
31 अक्तूबर को इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि मनाई जाती है। इस मौके पर जानिए देश की आयरन लेडी (लौह महिला) कही जाने वाली इंदिरा गांधी की कहानी, जो मिसाल बन गई।